संवाद न्यूज एजेंसीपंचकूला। हरेड़ा की ओर से आयोजित करवाई जा रही इंटर डिपार्टमेंट टी-20 क्रिकेट चैंपियनिशप की शुक्रवार को शुरुआत की गई। ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित हो रही प्रतियोगिता में पहला मैच एचएसआईआईडीसी और बागवानी विभाग के बीच खेला गया। पहले मैच में एचएसआईआईडीसी ने सात विकेट से जीत हासिल की। प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण हरेड़ा के निदेशक आएफएस अधिकारी एस नारायण ने किया।
शुक्रवार को कुल तीन मैच हुए।
पहले मैच में बागवानी विभाग ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट के नुकसान पर 20 ओवर में 152 रन बनाए। इसमें अजय खोखर ने 53 गेंदों में 68 रन और संगीत ने 30 गेंदों में 32 रन का मुख्य सहयोग दिया। वहीं एचएसआईआईडीसी ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 15.4 ओवर में ही मैच में जीत हासिल कर ली। इस मैच में मैन ऑफ द मैच का खिताब अमन को दिया गया।
प्रतियोगिता का दूसरा मैच शिक्षा विभाग और एचएसडब्ल्यूसी के बीच खेला गया। शिक्षा विभाग ने मैच में पहले बल्लेबाजी की। 18.1 ओवर में 108 रन बनाकर टीम ऑल आउट हो गई। एचएसडब्ल्यूसी की टीम ने दो विकेट खोकर 11.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम ने मैच में आठ विकेट से जीत हासिल की। 29 गेंदों में 51 रन बनाने वाले एचएसडब्ल्यूसी के खिलाड़ी यश रोहिल्ला को मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया।
तीसरा मैच स्वास्थ्य विभाग और हरियाणा सचिवालय के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम 19.4 ओवर में 93 रन पर ढेर हो गई। लक्ष्य का पीछा करते हुए हरियाणा सचिवालय की टीम ने 12.5 ओवर में छह विकेट गंवाकर जीत हासिल कर ली। इस मैच में मैन ऑफ द मैच नसीब को दिया गया।
दो पूल में आठ टीम ले रही हैं भाग
हरेडा के सीनियर टेक्निकल मैनेजर तेजिंदर सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता में दो पूल बनाए गए हैं। पूल ए में एचएसडब्ल्यूसी, एचएसआईआईडीसी, शिक्षा विभाग और होर्टिकल्चर को शामिल किया गया है। पूल बी में हरेडा, पब्लिक हेल्थ, हरियाणा सचिवालय और स्वास्थ्य विभाग को शामिल किया गया है।