चंडीगढ़। हरियाणा के हिसार एयरपोर्ट का नामकरण महाराजा अग्रसेन के नाम पर होगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को चंडीगढ़ में इसकी घोषणा की। हिसार वासियों और वैश्य समाज के लिए प्रदेश सरकार का यह बड़ा तोहफा है। हिसार एयरपोर्ट का नाम महाराजा अग्रसेन के नाम पर रखने की लंबे समय से मांग चल रही थी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल से वैश्य समाज के प्रतिनिधिमंडल भी मिले थे। उनकी मांग पर विचार करते हुए सरकार ने यह निर्णय लिया है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश प्रभारी एवं मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन व अग्रोहा विकास ट्रस्ट अग्रोहा धाम के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने मुख्यमंत्री की घोषणा का स्वागत करते हुए इसे सराहनीय कदम बताया है। जैन ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार जताते हुए कहा कि महाराजा अग्रसेन का पूरा जीवन वैश्विक स्तर पर हरियाणा को सामाजिक और साहित्यिक तौर पर उत्थान देने वाला रहा है। अग्रोहा धाम से लेकर प्रदेश के हर कोने में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के इस निर्णय को लेकर खुशी की लहर है। वहीं बजरंग गर्ग ने कहा कि एयरपोर्ट का नाम महाराजा अग्रसेन के नाम से रखने की घोषणा करना सराहनीय कदम है। उन्होंने सरकार से अग्रोहा को पर्यटन स्थल बनाने की मांग की है।