संवाद न्यूज एजेंसीपंचकूला। गांव मौली के समीप देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी डायल 112 को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही डायल 112 की गाड़ी आगे खड़े ट्रक से टकरा गई। ट्रक में सवार व्यक्ति पुलिस से रास्ता पूछने के लिए उतरा था। हादसे में वह भी चोटिल हो गया। उसके पैर में फ्रैक्चर आया है, वहीं एक पुलिसकर्मी को भी हल्की चोटें आई हैं। आरोपी चालक मौके से ट्रक समेत फरार हो गया। घायल व्यक्ति की पहचान सोहेल सहारनपुर निवासी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मौली चौकी इंचार्ज मंदीप ढ़ाडा ने बताया कि शनिवार रात को डायल 112 की गाड़ी मौली गांव के समीप हाईवे पर गश्त कर रही थी। रात करीब एक बजे एक ट्रक चालक ने डायल 112 को रुकने का इशारा किया। पुलिस कर्मचारियों ने गाड़ी रोक दी। ट्रक चालक ने पुलिस की गाड़ी के आगे अपनी गाड़ी रोकी। ट्रक में सवार व्यक्ति डेराबस्सी का रास्ता पूछने के लिए पहुंचा ही था, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस की गाड़ी में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी आगे खड़े ट्रक में टकरा गई।
इस हादसे में रास्ता पूछने आया व्यक्ति बुरी तरह घायल हो गया। हादसे में घायल व्यक्ति को उपचार के लिए सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टर ने उसकी हालत गंभीर देखकर उसे पीजीआई रेफर कर दिया। घायल के जानकार उसे उपचार के लिए प्राइवेट एम्बुलेंस से मेरठ ले गए। इस हादसे में डायल 112 की गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही मौली पुलिस चौकी के कर्मी मौके पर पहुंचे और घटना स्थल की जांच की।