संवाद न्यूज एजेंसी
अमृृतसर। गर्मियों में दूध और दूध से बने प्रोडक्ट में मिलावट की शिकायतों पर सेहत विभाग की फूड सेफ्टी टीम और दोधी यूनियन ने संयुक्त रूप से बुधवार को डेयरियों पर दबिश दी। सहायक फूड कमिश्नर राजिंदर पाल ने झब्बाल रोड, हकीमां गेट, भगतांवाला के नजदीक सात डेयरियों पर दूध, पनीर और देसी घी के सैंपल भरें। उन्होंने बताया कि टीम ने दर्शन डेयरी, आरोड़ा डेयरी, जीआरडी डेयरी, मिट्ठू डेयरी, राम डेयरी, चन डेयरी और गुरु नानक डेयरी पर चेकिंग की। इस दौरान टीम ने चार पनीर, आठ दूध और एक देसी घी का सैंपल लेकर सील करके फूड लेबोरेटरी पंजाब खरड़ में जांच के लिए भेज दिया। सहायक कमिश्नर ने बताया कि सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई डेयरी मालिकों के खिलाफ की जाएगी। इस मौके पर सेफ्टी अफसर अमनदीप सिंह, कमलदीप कौर आदि मौजूद थे।