माई सिटी रिपोर्टर पंचकूला। सेक्टर-1 स्थित जिला सचिवालय में उपायुक्त महावीर कौशिक ने रबी सीजन की खरीद के लिए की जा रही तैयारियों के लिए संबंधित अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता की। उपायुक्त ने बताया कि रबी सीजन की फसल खरीद के लिए पंचकूला, बरवाला व रायपुररानी अनाज मंडियों से हैफेड और हरियाणा वेयरहाउसिंग कार्पोरेशन द्वारा गेहूं की खरीद की जाएगी। किसानों की फसल की खरीद ई-खरीद पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। उन्होंने बताया कि यदि कोई भी व्यक्ति फसल की खरीद करना चाहता है तो वह e-NAM पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवा सकता है। महावीर कौशिक ने संबंधित अधिकारियों को तीनों मंडियों में गेंहू की खरीद से संबंधित सभी आवश्यक प्रबंध पूरे करने के निर्देश दिए ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने मंडियों में अपनी फसल बेचने आने वाले किसानों के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंडियों में बिजली, पानी, शौचालय इत्यादि सभी मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाई जाएं। ताकि मंडियों में आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा ना हो । इस मौके पर एसडीएम पंचकूला ममता शर्मा, जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक योगेन्द्र सिंह, जिला की मार्किट कमेटियों के सचिवों सहित हैफेड तथा हरियाणा वेयरहाउसिंग कार्पोरेशन के संबंधित अधिकारी भी उपस्थित थे।