संवाद न्यूज एजेंसीमोरनी। हैकरों ने कुछ लोगों के जीमेल अकाउंट को हैक कर व्हाट्सएप के माध्यम से जरूरी काम के नाम पर रुपयों की मांग की है। कुछ ग्रामीण इस झांसे में फंसकर ठगी का शिकार भी हो चुके हैं।धोखाधड़ी के शिकार जयदेव कौशिक ने बताया कि उनके जीमेल अकाउंट को हैक कर उनकी फोटो डीपी पर लगाकर व्हाट्सएप से जितने भी मोबाइल नंबर कांटेक्ट लिस्ट में थे, सभी लोगों को संदेश भेजकर जरूरी काम के लिए 10000 रुपये की मांग की गई है। व्हाट्सएप चैट के दौरान पैसे मांगने वाले व्यक्ति ने फोन पे-नंबर भी दिया है। कुछ ग्रामीण इन ठगों की करतूतों से पहले से वाकिफ थे तो उन्होंने पैसे देने से मना कर दिया। कुछ ऐसे थे जिन्हें कोई जानकारी नही थी, मैसेज मिलते ही रुपये देकर ठगी का शिकार हो गए।
दूसरे मामले में ठगी के शिकार मोरनी निवासी कोमल सिंह ने बताया कि वह अपने घर पर थे। उनका दोस्त भी उनके साथ था। अचानक दोस्त की फोटो लगे नंबर से उन्हें एक व्हाट्सएप संदेश आया। संदेश भेजने वाले व्यक्ति ने 15000 रुपयों की मांग की थी। पैसे मांगने वाले व्यक्ति ने अपना पेटीएम अकाउंट नंबर और उसकी डिटेल भी भेजी। यह एकाउंट किसी साफिया के नाम से था। इसी दौरान तीन दोस्तों ने भी आठ हजार, चार हजार और एक एक हजार रुपये उसको ट्रांसफर कर दिए। ठगी का शिकार हुए लोगों ने सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।