चंडीगढ़। भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन राम मेघवाल के लिए स्टार प्रचारक के रूप में पंजाबी सिंगर एवं कलाकार गुरप्रीत घुग्गी और बिन्नू ढिल्लों का एक पोस्टर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर जमकर विरोध देखने को मिला।
पंजाब के लोगों और किसान संगठनों ने यह पोस्ट देखकर दोनों का विरोध शुरू कर दिया। यह विरोध इतना बढ़ गया कि गुरप्रीत घुग्गी को सामने आकर पूरी स्थिति को स्पष्ट करना पड़ा। घुग्गी ने कहा कि उन्हें खुद अपने दोस्तों और जानकारों के जरिये इस पोस्टर के बारे में पता चला। उन्होंने कहा कि मुझसे प्रचारक या किसी पार्टी के लिए चुनाव रैली में जाकर प्रचार-प्रसार करने को लेकर कोई संपर्क नहीं किया गया। घुग्गी ने कहा कि यह सोशल मीडिया पर किसी ने शरारत की है। मुझसे कई राजनीतिक दलों ने चुनाव लड़ने और स्टार प्रचारक के रूप में संपर्क किया, लेकिन शूटिंग में व्यस्त होने के कारण चुनावी रैली में भाग लेने से मना कर चुका हूं।
इस पोस्टर के विरोध के बाद देर शाम आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी करमजीत अनमोल के साथ बिन्नु ढिल्लों उनकी गाड़ी में एक वीडियो में दिखाई दिए। बिन्नू ढिल्लों ने कहा कि अनमोल मेरे दोस्त हैं और उनके लिए वह चुनावी कैंपेन कर रहे हैं। फरीदकोट संसदीय क्षेत्र में सोमवार को एक रैली के लिए जाते समय का यह वीडियो शेयर किया गया है। वहीं, घुग्गी ने भी कहा कि वह अनमोल के मित्र होने के नाते उनके बुलावे पर जरूर चुनावी रैली में जा सकते हैं।