पंचकूला। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने अश्विन नवरात्र मेले के दूसरे दिन माता मनसा देवी मंदिर में धर्मपत्नी बिमला गुप्ता सहित माता के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। ज्ञानचंद गुप्ता ने यज्ञशाला में आयोजित हवन यज्ञ में आहुतियां डालीं और प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की कामना की। ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि माता मनसा देवी मंदिर के पावन स्थल पर छह करोड़ की लागत से भव्य हनुमान वाटिका का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा काशी विश्वनाथ मंदिर में बने कॉरिडोर की तर्ज पर आठ करोड़ रुपये की लागत से कॉरिडोर का निर्माण कार्य शीघ्र ही शुरू किया जाएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस हनुमान वाटिका में भगवान हनुमान की भव्य मूर्ति के साथ साथ पूजा स्थल का निर्माण किया जाएगा। माता मनसा देवी मंदिर को भव्य और व्यवस्थित रूप से विकसित करने के लिए आईआईटी रुड़की के साइंटिस्टों ने डेवलपमेंट प्लान तैयार किया है।
21 अक्तूबर को होगा संस्कृत कॉलेज का भूमिपूजन
माता मनसा देवी परिसर में 8 करोड़ रुपये की लागत से पांच मंजिला वृद्धाश्रम का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। इस भवन में 52 वृद्ध व्यक्तियों के रहने की और अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड परिसर में संस्कृत काॅलेज का निर्माण करवाया जा रहा है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इस काॅलेज की आधारशिला रखी थी। 21 अक्तूबर को संस्कृत काॅलेज का भूमिपूजन किया जाएगा। कॉलेज के बनने से बच्चे संस्कृत भाषा का ज्ञान प्राप्त कर सकेंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त प्रवेश गलियारे का किया जाएगा निर्माण
माता मनसा देवी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक अतिरिक्त प्रवेश गलियारे का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा मंदिर परिसर में 500 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय आयुर्वेदिक संस्थान का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इस संस्थान के बनने से उत्तर भारत के लोगों को विशेष लाभ होगा। श्रद्दालुओं को गाड़ियों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए 10 करोड़ की लागत से चार मंजिला कार पार्किंग के भवन का निर्माण किया गया है। इस भवन में 1000 गाड़ियों की पार्किंग की व्यवस्था है।