चंडीगढ़। पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने कार्यभार संभालने के बाद वीरवार को नई दिल्ली में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। रक्षामंत्री ने राज्यपाल कटारिया को बधाई दी और साथ ही केंद्र की तरफ से सरहदी राज्य पंजाब के लिए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। नए राज्यपाल कटारिया ने शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कहा था कि वह सीमावर्ती क्षेत्र का दौरा शुरू करेंगे और सभी जिलों में जाएंगे। रक्षामंत्री से मुलाकात के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि उनका यह दौरा जल्द ही शुरू हो सकता है।
गौरतलब है कि पूर्व राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित के लिए भी पंजाब का बॉर्डर एरिया अहम एजेंडा था। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने बॉर्डर एरिया के करीब 6 दौरे किए। जिसमें उन्होंने नशाखोरी रोकने के लिए ग्रामीणों से मिलकर काम करने के लिए कहा था। पंजाब सरकार भी बॉर्डर एरिया के लिए केंद्र सरकार से विशेष पैकेज मांग चुकी है। हालांकि बजट में प्रदेश की मांग पूरी नहीं हो पाई है।