बरवाला। राजकीय महाविद्यालय बरवाला की एमएससी कक्षा की छात्राओं ने भूगोल के प्रोफेसर रणबीर सिंह के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश की प्रसिद्ध त्रिउंड चोटी पर सफल पर्वतारोहण अभियान संपन्न किया गया। यह अभियान न केवल छात्राओं के शारीरिक और मानसिक दृढ़ता की परीक्षा था बल्कि उनमें आत्मनिर्भरता, टीमवर्क और प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी एक प्रेरणादायक प्रयास था। त्रिउंड धर्मशाला का मुकुट रतन है जो धौलाधार पर्वतों की गोद में स्थित है। इसके एक तरफ धौलाधार पर्वत और दूसरी तरफ कांगड़ा घाटी है। इसकी ऊंचाई समुद्र तल से लगभग 9350 फिट है। जो अपने मनोरम दृश्यों और कठिन रास्तों के लिए जाना जाता है, जो देवदार और रेडो डेंड्रोन के खूबसूरत मिश्रित जंगल से होकर गुजरता है। पहले 5 किलोमीटर तक ट्रैक काफी आसान है। आगे का रास्ता काफी मुश्किल है। छात्रों ने इस अभियान के दौरान हिमाचल की प्राकृतिक सुंदरता का अनुभव किया और चुनौती पूर्ण रास्तों को पार करते हुए शिखर पर पहुंचने में सफलता प्राप्त की। इस अभियान में भाग लेने वाली छात्राओं ने बताया कि यह अनुभव उनके लिए जीवन भर यादगार रहेगा। प्रोफेसर रणबीर सिंह ने कहा कि इस प्रकार के अभियान न केवल शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देते हैं, बल्कि छात्राओं में आत्म विश्वास और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करते हैं। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. हेमंत वर्मा व अन्य स्टाफ सदस्यों ने छात्राओं की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी ऐसे साहसिक अभियानों को बढ़ावा देने की बात कही।