पंचकूला। जिला बॉस्केट बाल एसोसिएशन पंचकूला द्वारा आयोजित अस्मिता बास्केटबॉल लीग 2025-26 (सब-जूनियर अंडर-14 बालिका वर्ग) का आयोजन पंचकूला के दून पब्लिक स्कूल में किया गया। प्रतियोगिता में कुल नौ टीमों ने भाग लिया, जहां युवा खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का दम दिखाया। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कैप्टन संजय आनंद (सेना पदक) और सुनीता आनंद उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और सफलता की राह तैयार करने का सशक्त माध्यम है। यह प्रतियोगिता स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया और खेलो इंडिया के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य बालिकाओं में खेल प्रतिभा को निखारना और उन्हें उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार करना है।