पंचकूला। एमडीसी निवासी एक व्यक्ति से सोशल मीडिया पर बातचीत कर एक युवती ने ऑनलाइन बिजनेस में निवेश करने का झांसा देकर 30 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-12 साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को पीड़ित व्यक्ति ने शिकायत दी कि वे शेफ का काम करते हैं और सात अप्रैल को उनकी इंस्टाग्राम आईडी पर उन्हें एक युवती ने फॉलो किया। उसने शिकायतकर्ता को बोला की मैंने तुम्हारी सभी पोस्ट देखी हैं तुम्हारा काम पसंद आया। इसके बाद उनकी युवती से बातचीत होने लगी। युवती ने पीड़ित को बताया कि वह सिंगापुर की एक कंपनी में फैशन डिजाइनर और उसके ऑनलाइन स्टोर में सभी चीजें उपलब्ध हैं।
- आरोपी युवती ने की ऑनलाइन बिजनेस की पेशकश
14 अप्रैल को शिकायतकर्ता को आरोपी युवती ने कहा कि अगर आप भी काम ऑनलाइन बिजनेस करना चाहते हैं तो सैलर के तौर पर काम करना होगा और वेबसाइट पर एक प्रोफाइल बनेगी। इसके बाद शिकायतकर्ता ने अपना एक सेलर अकाउंट बनाया और इसमें 24 अप्रैल को 16 हजार 668 रुपये भेजकर रिचार्ज किया। इसके बाद उनके अकाउंट में 200 डॉलर शो हुए। इस तरह वे आरोपी के जाल में फंस गए और रिचार्ज करते रहे। शिकायतकर्ता के अकाउंट में डॉलर में रकम बढ़ती दिखती रही, फिर शिकायतकर्ता ने आरोपी से कहा कि मैं अपना प्रोफिट जो कि 74,615 डॉलर है वह निकालना चाहता हुं। इस पर आरोपियों ने उनसे कहा कि इसके लिए आपको अपने प्रोफिट के ऊपर 25 प्रतिशत टैक्स भरना पड़ेगा। इसके बाद उन्हें पता चला कि उनके साथ धोखा हो गया है। आरोपियों ने उनसे कुल 30 लाख 52 हजार 990 रुपये ठग लिए। इसके बाद उन्होंने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई है।