संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। एमडीसी निवासी युवती को चीन का वीजा दिलाने के नाम पर 1.42 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। एमडीसी निवासी युवती की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, शिकायत में बताया गया कि युवती ने चीन का वीजा लेने के लिए एजेंट रोहित को डिजिटल माध्यम से 12 हजार रुपये का भुगतान किया। रोहित ने युवती को अपना पासपोर्ट मोहाली पते पर भेजने को कहा।
शिकायतकर्ता ने कहे अनुसार पासपोर्ट भेज दिया गया। 16 अगस्त को रोहित ने शिकायतकर्ता को सूचित किया कि 17 अगस्त को उन्हें वीजा के साथ पासपोर्ट प्राप्त होगा। इसके लिए उन्हें फ्लाइट की टिकट बुक करनी होगी। युवती ने टिकट बुक करने के लिए 37 हजार रुपये का और भुगतान किया। इसके बाद आरोपी ने मुद्रा बदलने के लिए कार्ड मांगा। आरोपी ने स्वाइप करके 95000 से अधिक निकाल लिए। शिकायतकर्ता को आज तक पासपोर्ट या कोई रिफंड नहीं मिला है। आरोपी ने वीजा दिलाने के नाम पर शिकायतकर्ता से कुल 1,42,000 रुपये ठग लिए। इसके बाद युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।