चंडीगढ़। गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के साथी सागर उर्फ बॉबी मल्होत्रा की बठिंडा जेल में दो बार हमला होने की दलील देते हुए सुरक्षा की मांग को लेकर दाखिल याचिका पर पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार व अन्य को जवाब दाखिल करने का आदेश दिया है।
बॉबी मल्होत्रा ने एडवोकेट प्रदीप विर्क के जरिये दायर याचिका में बताया है कि उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसे पहले फिरोजपुर जेल में रखा गया था लेकिन मार्च में उसे बठिंडा जेल में शिफ्ट कर दिया गया। अप्रैल में उसे अमृतसर की ट्रायल कोर्ट के आदेशों पर अमृतसर जेल शिफ्ट कर दिया गया। इसके बाद बठिंडा जेल के सुपरिंटेंडेंट की अर्जी पर उसे वापस बठिंडा जेल भेज दिया गया।
याचिकाकर्ता ने बताया कि एक दिन उसे वीसी रूम में बुलाया गया जिसके बाहर बने वेटिंग रूम में जब वह बैठा था तो उस पर अन्य छह-सात कैदियों ने हमला कर दिया। इसके बाद जुलाई में फिर उस पर अन्य कैदियों द्वारा हमला किया गया। ऐसे में जेल में उसकी जान को खतरा है इसलिए उसे पर्याप्त सुरक्षा दी जाए। हाईकोर्ट ने याचिका पर पंजाब सरकार सहित अन्य पक्ष को जवाब दाखिल करने का आदेश दिया है।