पंचकूला। सेक्टर-1 स्थित लघु सचिवालय में नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए उपायुक्त सतपाल शर्मा ने मंगलवार को परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वच्छता, शौचालय, पार्किंग, कार्यालयों में रिकॉर्ड प्रबंधन और आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि लघु सचिवालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग सरकारी कार्यों के लिए आते हैं। ऐसे में परिसर का साफ-सुथरा और व्यवस्थित होना जरूरी है। उन्होंने नियमित सफाई और सार्वजनिक स्थानों की निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने तहसील सहित अन्य कार्यालयों में पर्याप्त बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बुजुर्गों और जरूरतमंदों को परेशानी न हो। साथ ही शौचालयों की नियमित सफाई और समय पर मरम्मत कराने को कहा। सतपाल शर्मा ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता नागरिकों को सरकारी सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना है। निरीक्षण के दौरान नगराधीश जागृति, तहसीलदार सुरेश कुमार, नायब तहसीलदार हरदेव सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। संवाद