लोगों को मोबाइल पर कॉल कर विभिन्न प्रकार के प्रलोभन देकर उनकी गाढ़ी कमाई ठगने के मामले फिलहाल थमते नजर नहीं आ रहे हैं। ऐसे ही एक मामले की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। लेकिन आरोपी का पता लगाने में पुलिस फिलहाल नाकाम है। मामले के शिकायतकर्ता सेक्टर-7 निवासी अशोक मलिक ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने एलआईसी का एजेंट बनकर अप्रैल महीने में उन्हें अच्छी रिटर्न और फायदा होने का प्रलोभन दिया। आरोपी ने उन्हें पूरी पॉलिसी समझाई। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह फायदे की पॉलिसी होने पर आरोपी के झांसे में फंस गए। फिर उन्होंने आरोपी के कहने पर दो अप्रैल को उसके बताए बैंक अकाउंट में 5 लाख 91 हजार रुपये जमा करवा दिए। लेकिन उन्हें उनसे हुई धोखाधड़ी का पता उस समय लगा, जब आरोपी ने न तो उन्हें पॉलिसी दी और न ही कोई रसीद पहुंचाई। ऐसा होने पर अशोक मलिक ने आरोपी के मोबाइल पर कॉल की तो वह स्विच ऑफ मिला। तब जाकर उन्हें पता लगा कि उनसे धोखाधड़ी की गई है। शिकायतकर्ता ने डीसीपी ऑफिस में शिकायत दी। इसके बाद सेक्टर-5 थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस आरोपी के मोबाइल नंबर के आधार पर उसका पता लगाने के प्रयास में जुटी है।