संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। देर रात करीब ढाई बजे सेक्टर-5 और 8 की ट्रैफिक लाइट पर होंडा सिटी कार और फॉर्च्यूनर टकरा गईं। हादसे में फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर पलट गई। गाड़ी में तीन लोग सवार थे, जिनमें से दो को गंभीर चोटें लगी हैं। हादसे में बुलेट सवार भी घायल हुआ है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 2.30 बजे फॉर्च्यूनर चालक सेक्टर-9 से एमडीसी की तरफ जा रहा था। उसी समय सेक्टर-8 की तरफ से होंडा सिटी कार आ रही थी। जैसे ही फॉर्च्यूनर गाड़ी सेक्टर-5 व 8 की ट्रैफिक लाइट पर पहुंची तो होंडा सिटी चालक ने गाड़ी को टक्कर मार दी। इसके बाद फॉर्च्यूनर गाड़ी चालक का संतुलन बिगड़ गया। गाड़ी ट्रैफिक लाइट के खंभे से टकराकर पलट गई। होंडा सिटी कार बिजली के बॉक्स में टकराई। कार के दोनों एयर बैग खुल गए।
वहीं, इस हादसे में बुलेट सवार युवक भी घायल हो गया। लोगों ने फॉर्च्यूनर सवार को बाहर निकाला और उपचार के लिए सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पहुंचाया। होंडा सिटी कार सवार मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे मेंं लेकर जांच शुरू कर दी।