चंडीगढ़। दुष्कर्म के मामले में पूर्व विधायक सिमरजीत बैंस ने नियमित जमानत की मांग को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। जस्टिस राजमोहन सिंह ने खुद को केस से अलग करते हुए नई बेंच के गठन के लिए याचिका को मुख्य न्यायाधीश को भेज दिया है।
एक महिला की शिकायत पर लुधियाना की जिला अदालत ने 10 जुलाई को बैंस के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया था। लुधियाना पुलिस ने इसके बाद दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया था। इस मामले के ट्रायल में शामिल नहीं होने पर अदालत ने उन्हें भगोड़ा करार दे दिया था। इसके बाद हाईकोर्ट ने भगोड़ा करार देने के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका खारिज कर दी थी। बैंस ने 11 जुलाई को अदालत में समर्पण कर दिया था। इस मामले में सिमरजीत बैंस ने पहले लुधियाना की अदालत से नियमित जमानत की मांग की थी। जिला अदालत ने 9 सितंबर को याचिका को खारिज कर दिया था। अब बैंस ने इस मामले में हाईकोर्ट में याचिका दायर कर नियमित जमानत दिए जाने की मांग की है। इस याचिका पर अब हाईकोर्ट की अन्य बेंच सुनवाई करेगी।