चंडीमंदिर। कालका की पूर्व विधायक लतिका शर्मा ने सुप्रसिद्ध फिल्म अभिनेता और पूर्व सांसद धर्मेंद्र की पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। अमरावती एनक्लेव कॉलोनी, पिंजौर में मीडिया से बातचीत के दौरान लतिका शर्मा ने बताया कि उन्हें नई दिल्ली में आयोजित धर्मेंद्र की पुण्यतिथि के कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला, जहां उन्होंने उनकी तस्वीर पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। लतिका शर्मा ने बताया कि इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ-साथ प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी और उनकी बेटी ईशा देओल भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में देश के राजनीतिक, सामाजिक और फिल्म जगत से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियों ने धर्मेंद्र को याद किया।