बरवाला। खंड बरवाला के गांव भगवानपुर में आबादी के बीच में खंड विकास एवं पंचायत विभाग की ओर बनाया गया नाला टूटने से बारिश और लोगों के घरों से गंदे पानी की निकासी रुक गई है। इस कारण बारिश के दौरान गंदा पानी लोगों के घरों में घुस जाता है और उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों में गुरविंदर सिंह, दर्शन सिंह, गुरनाम सिंह, पूर्व पंच गुरमीत सिंह और महिला कुलदीप कौर आदि ने बताया कि इस नाले का निर्माण 2017 में हुआ था जो करीब दो साल से टूटा पड़ा है। बारिश का पानी और लोगों के घरों के गंदे पानी की निकासी रुक जाने से गंदा पानी लोगों के घरों में घुस जाता है, उस समय उन्हें अपने घरों से बरसाती गंदे पानी को निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती है। घरों में पानी घुसने से उनके घरों में रखा सामान भी खराब हो जाता है। ग्रामीणों ने कहा कि उनकी ओर से खंड एवं पंचायत विभाग को शिकायत दी गई है, लेकिन आज तक विभाग की ओर से इस नाले को ठीक करने की और कोई ध्यान नहीं दिया गया। इसके चलते यह समस्या ग्रामीणों के लिए जी का जंजाल बन चुकी है। विभाग की ओर से समस्या का हल न करवाए जाने को लेकर ग्रामीणों में विभाग की कार्यप्रणाली के प्रति रोष है।
वही, इस समस्या के बारे में जब गांव के पूर्व सरपंच जितेंद्र सैनी से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि पंचायतों का कार्यकाल पिछले काफी लंबे समय से समाप्त हो चुका है। नाले का निर्माण करवाने की जिम्मेदारी खंड विकास एवं पंचायत विभाग बरवाला की बनती है। विभाग को जल्द ही नाले की मरम्मत करवाकर इस समस्या का हल करवाना चाहिए।