संवाद न्यूज एजेंसीपंचकूला। क्राइम ब्रांच-19 की टीम ने सेक्टर-15 में चोरी का स्कूटर बेचने के आए आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी के पांच दो पहिया वाहन बरामद हुए हैं। इसमें चार मोटरसाइकिल और एक स्कूटर शामिल है। आरोपी की पहचान हरप्रीत उर्फ बबलू (20) नया गांव, मोहाली निवासी के रूप में हुई है। पुलिस शनिवार को आरोपी को अदालत में पेश करेगी।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को क्राइम ब्रांच-19 की टीम को गुप्त सूचना मिली थी उक्त आरोपी चोरी का स्कूटर सेक्टर-15 पंचकूला में बेचने की फिराक में है। सूचना पाते ही क्राइम ब्रांच की टीम सेक्टर-15 पहुंची और चोरी किए स्कूटर समेत आरोपी को काबू कर लिया। आरोपी ने पिछले दिनों पंचकूला सेक्टर-26 से स्कूटर चोरी किया था। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 9वीं कक्षा तक पढ़ा है। बाद में वह बाइक रिपेयर का काम सीखने लगा। इसके बाद वह वाहन चोरी करने लगा। उसकी योजना थी कि वह चोरी के वाहनों को कम दामों पर बेच देगा, लेकिन उससे पहले पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
15 मार्च को सेक्टर-26 से चोरी किया था स्कूटर
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-25 पुलिस लाइन निवासी निर्मल कुमार ने दी शिकायत में बताया कि वे 15 मार्च को सेक्टर-26 में सब्जी मंडी से सब्जी लेने के लिए गए थे। वे रात करीब 10 बजे सब्जी लेकर वापस आए तो उनका स्कूटर वहां पर नहीं था। कोई उनका स्कूटर लेकर फरार हो गया था। इसके बाद चंडीमंदिर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच क्राइम ब्रांच-19 को सौंप दी थी।