चंडीगढ़। हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि खाद्य पदार्थों की जांच के लिए प्रदेश में पांच और लैब खोली जाएंगी। इनमें गुरुग्राम, फरीदाबाद, हिसार, अंबाला और रोहतक जिले शामिल हैं। इस समय खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के पास चंडीगढ़ और करनाल में दो लैब हैं। इसके अलावा, खाने-पीने की चीजों की जांच के लिए मोबाइल वैन भी ली जाएंगी।
विज पंचकूला में खाद्य औषधि प्रशासन विभाग के 27 लाख से बनने वाले कार्यालय के भवन का शिलान्यास अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता भी उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मोबाइल वैन है जो 20 रुपये में दूध का टेस्ट करके उसका परिणाम बताती है। उन्होंने कहा कि एफडीए विभाग दिन रात काम कर रहा है, ताकि लोगों को खाने पीने की चीजें शुद्ध मिल सकें। विज ने गलत काम करने वाले लोगों को चेताते हुए कहा कि हम नकली दवाइयां बेचने नहीं देंगे और इसके लिए हमने टीमें गठित कर दी हैं। यदि हमें और विभागों के स्टाफ की भी आवश्यकता पड़ी तो हम उन्हें लेकर और टीमें गठित करेंगे। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि नशे का कारोबार करने वाले या तो कारोबार करना छोड़ दें या हरियाणा छोड़ दें, हम उन्हें हरियाणा में चैन से नहीं रहने देंगे।
पंचकूला में स्वास्थ्य और पुलिस के लिए बनाया जाएगा अलग से भवन
विज ने कहा कि पंचकूला में स्वास्थ्य विभाग का अलग से भवन भी बनाया जाएगा और इसी प्रकार पुलिस मुख्यालय का भी अलग से भवन यहां पर बनाया जाएगा। इसके लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण को पत्र भी लिख दिया गया है।
मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की जरूरत : गुप्ता
विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि आज कुछ असामाजिक तत्व मिलावटखोरी में संलिप्त हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की जरूरत है। गुप्ता ने कहा कि हर जिला स्तर पर एक खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला स्थापित की जानी चाहिए। इस मौके पर एसीएस राजीव अरोड़ा, आयुक्त वजीर सिंह गोयत, नगर निगम के महापौर कुलभूषण गोयल, स्टेट कंट्रोलर मनमोहन तनेजा, बीजेपी जिला उपाध्यक्ष उमेश सूद, पार्षद राकेश वाल्मिकी, फार्मेसी काउंसिल के सदस्य बीबी सिंघल भी उपस्थित थे।