बटाला के न्यू अर्बन एस्टेट के सतिंदरपाल सिंह पर उसकी तलाकशुदा पत्नी के साथ आए लोगों ने सीधे गोलियां चला दीं, लेकिन सतिंदरपाल ने घर में घुसकर बचाव किया, इस कारण उसे गोली नहीं लगी। गोली चलाकर भाग रहे हमलावारों को रोकने के लिए जब सतिंदरपाल उनकी गाड़ी के आगे आया तो इन लोगों ने उस पर ही कार चढ़ा दी, जिस कारण उसकी टांग टूट गई। जख्मी सतिंदरपाल को सिविल अस्पताल बटाला में भर्ती कराया गया है। थाना सिविल लाइन की पुलिस ने हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत व्यक्ति की पूर्व पत्नी समेत तीन पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी देते हुए सतिंदरपाल सिंह उर्फ लाडी पुत्र निरंजन सिंह निवासी न्यू मॉडल टाउन ने बताया कि 2014 में उसका अपनी पत्नी सुखबीर कौर के साथ तलाक हो गया था। तलाक के बाद बच्चे उसके साथ ही रहते हैं। सतिंदरपाल ने बताया कि उसकी पूर्व पत्नी, बच्चों को जमीन जायदाद में से हिस्सा दिलवाने का उस पर दबाव बनाती है, जिसके चलते वह तलाक के बावजूद उसके घर में आती-जाती रहती है। गत देर रात सुखबीर कौर कुछ लोगों के साथ उसके घर पर आई। आते ही उसने घर के बाहर का दरवाजा जोर-जोर से खटखटाना शुरू कर दिया। जब वह बाहर आया तो वह उससे उसकी प्रॉपर्टी से हिस्सा मांगने लगी और जबरन घर में घुसने की कोशिश करने लगी। जब उसने विरोध किया तो तलाकशुदा पत्नी के साथ आए लोगों में से कुछ ने 3-4 फायर उस पर कर दिए। लेकिन अपना बचाव करते हुए वह अपने घर में घुस गया। उनमें से अधिकतर लोगों ने हथियार पकड़े हुए थे। गोली का शोर सुनकर इलाके के लोग इकट्ठे हो गए। इस दौरान हमलावर भागने लगे तो वह उनकी कार के आगे आकर उन्हें रोकने की कोशिश करने लगा, लेकिन एक कार चालक ने उस पर कार चढ़ा दी, जो उसकी टांग पर चढ़ गईं और टांग टूट गई। उसकी तलाकशुदा पत्नी समेत सभी लोग वहां से फरार हो गए। उसने तुरंत पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना का जायजा लिया। जख्मी सतिंदरपाल को पारिवारिक सदस्यों ने उसे सिविल अस्पताल बटाला में दाखिल करवाया गया। इस संबंध में थाना सिविल लाइन के एसएचओ मुख्तयार सिंह ने बताया कि सतिंदरपाल सिंह की शिकायत के आधार पर उक्त सुखबीर कौर, गुरप्रीत सिंह उर्फ राजा निवासी जंडियाला गुरु, अजय उर्फ मट्ठी निवासी गांव सेम के खिलाफ धारा 307, 452, 120बी और आमर्ज एक्ट समेत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।