संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। पुलिस ने बुलेट से पटाखे छोड़ने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कालका एसएचओ ने बुलेट से पटाखे बजा रहे युवक का बुलेट इंपाउंड करने के साथ-साथ उसका चालान भी काटा है। पुलिस ने 29 हजार रुपये का चालान काटा है। थाना प्रभारी हरीराम ने बुलेट से पटाखे बजाने वालों को चेतावनी दी थी कि किसी कीमत पर उन्हें नहीं बक्शा जाएगा। थाना प्रभारी हरीराम ने बताया कि आगे भी यह कार्रवाई इसी प्रकार जारी रहेगी। उन्होंने सार्वजनिक और भीड़-भाड़ वाले मार्गों में बुलेट बाइक से पटाखे बजाने के कारण आमजन को परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही ट्रैक्टर पर ऊंची आवाज में गाने लगाने वालों पर भी नकेल कसी जाएगी।
एसएचओ ने बताया कि शहर में काफी ऑटो ऐसे चल रहे हैं, जिनके दस्तावेज पूरे नही हैं। इतना ही नही कई लोगो ने यह भी शिकायत दी है कि ऑटो और टैक्सी चालक कहीं भी वाहन रोक देते हैं। इससे लोगो को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। एसएचओ ने कहा कि जल्द इन वाहन चालकों के दस्तावेज चेक किए जाएंगे।