पिंजौर। पिंजौर के गांव मानकपुर नानकचंद में मंगलवार को एक व्यक्ति खेत में लगे बिजली ट्रांसफार्मर के संपर्क में आकर करंट लगने से बुरी तरह झुलस गया। वह दमकल विभाग पंचकूला में फायर ऑपरेटर का काम करता है। पूर्व सरपंच चानन सिंह ने बताया कि उनका भतीजा हरजिंदर सिंह मंगलवार को अपने खेतों की ओर गया था। अचानक खेत में लगे ट्रांसफार्मर के संपर्क में आने से उसे करंट लग गया। उन्होंने बताया कि बिजली विभाग ने ट्रांसफार्मर का फ्यूज हटा कर उसे डायरेक्ट कर दिया है। वे तीन महीनों से ट्रांसफार्मर को सही करवाने के लिए विभागीय अधिकारियों से अनुरोध कर रहे थे, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि करंट लगते ही उनका भतीजा दूर जाकर गिरा और उसकी बाजू और जांघ में घाव हो गया। करंट लगने के बाद, पास के घर में रहने वाले सोडी सिंह वहां पहुंचे और भतीजे को अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने आरोप लगाया कि उसके भतीजे को करंट बिजली विभाग की लापरवाही की वजह से लगा है। इस मामले में पूछे जाने पर बिजली विभाग के जेई सुभाष ने बताया कि उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नहीं है।