पंचकूला। औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 स्थित स्टाइलम इंडस्ट्रीज में रविवार की सुबह करीब छह बजे आग लग गई। आग लगने की वजह से कंपनी के दो कर्मचारी बुरी तरह से झुलस गए। उनको तुरंत इलाज के लिए सेक्टर-6 स्थित सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया। डॉक्टरों ने घायलों को तुरंत इलाज के लिए पीजीआई रेफर कर दिया, जबकि कंपनी के कर्मचारी घायलों को उपचार के लिए प्राइवेट अस्पताल में लेकर गए।
दो घंटे के दौरान फायरब्रिगेड की पांच गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार दोनों करीब 30 प्रतिशत से ज्यादा झुलसे हैं। उनमें से एक की हालत गंभीर है। घायलों की पहचान अशोक और बबलू के रूप में हुई है। अशोक जींद का रहने वाला है, जबकि बबलू अभयपुर का रहने वाला है। इसी कंपनी में कुछ साल पहले बॉयलर फटने की वजह से कुछ कर्मचारी घायल हो गए थे।
पानी डालने पर आग फैल गया
फायर विभाग के अनुसार, कंपनी में प्लाई का काम होता है। प्लाई बनाने में इस्तेमाल होने वाले लकड़ी के डस्ट में अचानक आग लग गई। आग को बुझाने के लिए मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने पानी डाला लेकिन आग फैलती चली गई। शुरूआती दौर में कंपनी के कर्मचारियों ने खुद ही अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिलने पर फायर विभाग को सूचना दी।
फायर ऑफिसर तरसेम सिंह ने बताया कि सुबह सात बजे कंपनी में आग लगने की सूचना मिली। इसके करीब 5 से 7 मिनट के भीतर मौके पर फायरब्रिगेड की गाड़ियों को भेजा गया। पांच फायर ब्रिगेड की मदद से आग को बुझाया गया। इसको बुझाने में दो घंटे का समय लग गया।