कूड़े के ढेर में आग लगने से वाहन तक पहुंचीं लपटें
संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। कालका-परवाणू बैरियर के समीप बनी बावड़ी के पास खड़े एक छोटे हाथी में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग को सूचित किया। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटनास्थल के पास पिछले कई दिनों से कूड़े का ढेर लगा हुआ था। आशंका है कि किसी शरारती तत्व ने कूड़े में आग लगाई, जो पास खड़े छोटे हाथी तक पहुंच गई। लोगों ने बताया कि छोटा हाथी काफी समय से वहीं खड़ा था। घटना के बाद आसपास के लोगों ने कूड़े के ढेरों की नियमित सफाई और निगरानी की मांग की है।