सतर्कता से गैस सिलिंडर बाहर निकाल कर्मचारियों ने टाली दुर्घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-20 मार्केट स्थित मेन शोरूम की फर्स्ट फ्लोर पर बनी बिरियानी की दुकान में बुधवार शाम करीब 6:30 बजे आग लग गई। आग लगते ही इसकी सूचना डायल-112 पर दी गई जिसके बाद पुलिस और फायरब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं। करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे में किसी कर्मचारी को कोई नुकसान नहीं हुआ। दुकान के मैनेजर ने बताया कि यहां ऑनलाइन बिरयानी सप्लाई का काम होता है और लगभग 18 कर्मचारी कार्यरत हैं। घटना के दौरान सभी कर्मचारियों ने समझदारी दिखाते हुए गैस सिलिंडरों को तुरंत बाहर निकाला और खुद भी सुरक्षित बाहर आ गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि आग कैसे लगी, इसके सटीक कारणों की जांच अभी जारी है।