संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। माइनिंग विभाग ने चार माह में अवैध खनन करते 109 वाहनों को पकड़कर 1.13 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। इसमें 58 केस दर्ज किए गए हैं। अतिरिक्त उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिले में अवैध खनन को रोकने के लिए विभिन्न विभागों की अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है।
उन्होंने अपील करते कहा कि वे अवैध माइनिंग की सूचना हेल्पलाइन नंबर 0172-2585000 पर दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि अवैध खनन रोकने के लिए जिला प्रशासन तत्पर है। अतिरिक्त उपायुक्त सचिन गुप्ता ने शुक्रवार को सचिवालय के सभागार में आयोजित जिला टास्क फोर्स कमेटी की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में जिले में किसी भी प्रकार का खनन नहीं हो सकता है। वैध खनन पर विभागों ने रोक लगा दी है। अतिरिक्त उपायुक्त ने खनन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे एक सप्ताह में जिले की सभी जगहों की रिपोर्ट बनाकर दें, ताकि उन स्थानों पर औचक निरीक्षण करके अवैध खनन को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि एसडीएम कालका और पंचकूला अपने-अपने क्षेत्रों में अलग से दौरा करें।