पंजाब पुलिस ने हिंदू नेता सुधीर सूरी की हत्या के मामले की जांच के साथ ही सूबे में बीते कुछ साल के दौरान मारे गए अन्य हिंदू नेताओं की हत्याओं के मामले भी खंगालने शुरू कर दिए हैं। डीजीपी गौरव यादव ने इस मामले में इंटेलिजेंस विंग और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं। राज्य पुलिस इन मामलों में विदेशी फंडिंग के साथ-साथ यह पता लगाएगी कि पंजाब में गैंगस्टर किनके इशारे पर हिंदू नेताओं और डेरा प्रेमियों की हत्याएं कर रहे हैं।
पुलिस का मानना है कि विदेश में छिपे आतंकवादी संगठन राज्य में दहशत का माहौल पैदा करने और उसे सांप्रदायिक रूप देने के प्रयास में आज भी सक्रिय हैं। डीजीपी गौरव यादव ने बातचीत में बताया कि अमृतसर में सुधीर सूरी की हत्या के मामले में हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है और शुक्रवार को डेरा प्रेमी प्रदीप सिंह की हत्या के तीन आरोपी भी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। जल्दी ही बाकी हमलावर भी गिरफ्त में होंगे।
इससे पहले राज्य में हिंदू और आरएसएस नेताओं की हत्या के मामलों की फिर से जांच के बारे में उन्होंने बताया कि सभी मामलों में हमलावरों की पहचान कर ली गई थी लेकिन उन्हें फंडिंग करने वालों तक पहुंचना जरूरी है। इस काम के लिए इंटेलिजेंस विंग और एजीटीएफ को साथ जोड़ा गया है, जिन्हें संबंधित जिलों की पुलिस सहयोग देगी। इस दौरान जांच टीमों की रिपोर्टों को भी फिर से खंगाला जाएगा।
2016 में हुई थी आरएसएस नेता जगदीश गगनेजा की हत्या
पंजाब में 6 अगस्त, 2016 में जालंधर में आरएसएस नेता जगदीश गगनेजा पर दो बाइक सवार युवकों ने गोलियां बरसाईं थी। इसके 47 दिन बाद उन्होंने अस्पताल में दम तोड़ दिया था। इसके बाद 14 जनवरी 2017 को हिंदू नेता अमित शर्मा की जगरांव पुल के पास बाइक सवार दो युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरएसएस नेता रविंदर गोसाईं की 17 अक्तूबर 2017 की उनके घर के बाहर बाइक सवारों ने गोली मार कर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल बाइक तो बरामद कर ली लेकिन हत्यारों तक अब तक पहुंच नहीं सकी। खन्ना के ललहेड़ी रोड चौक पर 23 अप्रैल 2017 को शिवसेना पंजाब के खन्ना हलका प्रधान दुर्गा गुप्ता की बाइक सवार अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद हिंदू संघर्ष सेना के अमृतसर के जिला प्रधान विपन शर्मा को भी बटाला रोड स्थित मेन बाजार से अपने घर प्रीत नगर (भारत नगर) लौटते हुए 15 गोलियां मारी गईं थी। यह वारदात शाम चार बजे सड़कों पर भीड़भाड़ के समय की गई थी, जिसमें सिख कट्टरपंथियों पर आरोप लगा लेकिन गिरफ्तारी नहीं हो सकी।