माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-1 लघु सचिवालय के सभागार में सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में एडीसी 34 शिकायतों का निवारण किया गया। शिविर में बिजली, पानी, निकासी नाले, कॉलोनी में कब्जा दिलाने के अलावा विदेश भेजने के नाम पर ठगी के मामले उठाए गए। एडीसी ने संबंधित विभागों को समस्या का निवारण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा ठगी करने वाले इमिग्रेशन संस्था के खिलाफ पुलिस को तुरंत केस दर्ज कर जांच के निर्देश दिए।
शिविर में युवती जैसमीन ने बताया कि उसको विदेश भेजने के लिए परिवार वालों ने इमीग्रेशन संस्था को रुपये दिए थे। जब संस्था उसे विदेश नहीं भेज सकी तो उन्होंने रुपये वापस मांगे। रुपये न देने पर इसकी शिकायत पुलिस में दी गई। पुलिस ने छह लाख रुपये वापस किए जाने का समझौता करवाया था, लेकिन उन्हें एक लाख रुपये ही वापस मिले। युवती ने प्रशासन से गुहार लगाई कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और रुपये वापस दिलवाए जाएं। अतिरिक्त उपायुक्त सचिन गुप्ता ने पुलिस को शिकायत के आधार पर लाखों रुपये लेने वाली इमीग्रेशन संस्था के खिलाफ तुरंत केस दर्ज कर जांच करने के निर्देश दिए।
शिविर में मोरनी निवासी गुलजार ने बताया कि वह अपने खेत में पानी का टैंक लगाना चाहता है। इसके लिए उसे सरकार की तरफ से मिलने वाली सहायता मुहैया करवाई जाए। अतिरिक्त उपायुक्त ने साॅयल कंजर्वेशन विभाग को क्षेत्र का मुआयना करने के निर्देश दिए।
काॅलोनी में चार साल बाद भी नहीं मिला कब्जा
ग्रीन स्पेस काॅलोनी के निवासियों ने शिकायत में बताया कि उन्होंने वर्ष 2015 में सेक्टर-14 एक्सटेंशन की ग्रीन स्पेस काॅलोनी में प्लाट लिए थे। उन्हें चार साल बाद कब्जा मिलना था, जो अभी तक नहीं मिला हैै। काॅलोनाइजर के खिलाफ कार्रवाई करने और कब्जा दिलवाने की गुहार लगाई। अतिरिक्त उपायुक्त ने जिला टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग को मामले की जांच कर समाधान करवाने के निर्देश दिए। किसानों ने बताया कि लंबे समय से उनके खेतों में किसी भी फसल की पैदावार नहीं हो रही है। उनके खेतों में रायपुररानी की गलियों-नालियों और घरोें का गंदा पानी आ रहा है। गंदे पानी के कारण उनके खेतों में पैदावार बंद हो गई है। अतिरिक्त उपायुक्त ने जिला परिषद सीईओ को मौके का मुआयना कर पीडब्ल्यूडी से ड्रेनेज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत भूड़ी ने बिजली, पानी व स्कूल की समस्या रखी
शिविर में गांव भूड़ी की ग्राम पंचायत ने बताया कि गांव में बिजली सप्लाई सुचारू न होने के कारण परेशानी बनी हुई है। बिजली निगम ने एक साल पहले बिजली के खंभे लगाने शुरू किए थे, जो काम बीच में छोड़ दिया। गांव में लगे बिजली के खंभों पर तार लगाकर गांव की समस्या का समाधान किया जाए। दूसरी समस्या के बारे में बताया गया कि गांव में पीने के पानी की किल्लत बनी हुई है। मौजूदा समय में गांव में दो इंच पाइप से पानी की सप्लाई दी जा रही है। इस लाइन में चार इंच पाइप डालकर गांव की पानी की किल्लत दूर हो सकती है। ग्राम पंचायत ने बताया कि गांव में सीनियर सेकेंडरी तक का स्कूल बना हुआ है, लेकिन उसकी चारदीवारी नहीं है। अतिरिक्त उपायुक्त ने संबंधित विभागों से इन कामों को जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।
पीडब्ल्यूडी को निर्माण कार्य करवाने के निर्देश
कालका निवासी महेश शर्मा ने शिकायत में बताया कि रामबाग रोड कालका का निर्माण नहीं किया जा रहा है। अतिरिक्त उपायुक्त ने संबंधित विभाग को निर्माण कार्य करवाने के निर्देश दिए। सेक्टर-12 के निवासियों ने शिकायत में बताया कि उनके सेक्टर में 1204 नंबर पार्क की आठ सालों में कोई मरम्मत नहीं हुई है। न ही कोई रंग-रोगन किया गया है। ठेकेदार पार्क कमेटी से मरम्मत का सर्टिफिकेट मांग रहा है। उन्होंने मामले की जांच करने की गुहार लगाई है।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर जिला परिषद के सीईओ गगनदीप सिंह, एसडीएम गौरव चौहान, नगराधीश मन्नत राणा, जिला राजस्व अधिकारी डाॅ. कुलदीप सिंह, जिला पंचायत एवं विकास अधिकारी राजन सिंगला, जिला समाज कल्याण अधिकारी विशाल समेत अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।