गांव रैहणा में निशानदेही के बाद छोडी गई जगह को देखते ग्रामीण।
- फोटो : PKL OFFICE
गांव रैहणा में एक गली पर स्थानीय लोगों द्वारा किए गए अवैध कब्जे को हटवाने गए स्थानीय प्रशासन के माध्यम से कच्चे कब्जे हटवाए गए। मिली जानकारी अनुसार बुधवार को हरिजन मोहल्ले वाली गली में सात लोगों ने कब्जा किया हुआ था, इनमें से चार लोगों का केस कोर्ट में चल रहा है व तीन कच्चे कब्जे धारकों सुबेद्दीन, रशीद व अमीरिया खान के कब्जे को स्थानीय प्रशासन ने निशानदेही के माध्यम से हटवा दिया। कब्जे हटाने के बाद हरिजन पक्ष ने कंटीली तार लगानी शुरू कर दी। इसके बाद दूसरा पक्ष भड़क गया व अगली ही गली में दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों में हुए झगडे़ में जसबीर सिंह, बंत राम, बीरू राम, नीलम, रवि, किरण बाला, बाला देवी घायल हो गए और जिसके बाद घायलों को रायपुररानी के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। घायलों ने 10-15 से ज्यादा स्थानीय लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। मौके पर मिली जानकारी अनुसार मुस्लिम पक्ष ने हरिजन समुदाय के लोगों पर हमला किया। गांव के सरपंच आलमगीर ने बताया कि कुछ लोगों ने गली पर कब्जा किया हुआ था। जिस पर स्थानीय प्रशासन ने पुलिस अमले के साथ शांतिपूर्ण रूप से कब्जा हटवा दिया था, लेकिन पुलिस के जाते ही दूसरी गली में दोनों पक्षों में लड़ाई-झगड़ा हो गया जिसे लेकर पुलिस को सूचना दे दी है व शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए देर रात भारी पुलिस बल गांव में मौजूद रहा। रायपुररानी थाना प्रभारी रामपाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी घायलों के ब्यान नोट कर लिए है। आगामी कार्रवाई व गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए देर रात एसीपी महोदय विजय देसवाल ने भी गांव में पूरे घटनाक्रम का जायजा लेते हुए मामले में उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया।