एमडीसी थाना की पुलिस ने की कार्रवाई, अदालत में पेश कर भेजा जेल
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सौतेली बेटी पर जानलेवा हमला करने के आरोपी पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। सुनवाई करते हुए अदालत ने उसे अंबाला जेल भेज दिया। एमडीसी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुशील ने बताया कि पीड़ित लड़की ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह मर्जी से शादी करना चाहती है लेकिन उसके सौतेले पिता इसके खिलाफ थे। इस बात से खफा होकर उसने अपनी बेटी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया था। आवाज सुन उसके भाई-बहन और पड़ोसियों ने उसे बचाया और उपचार के लिए सेक्टर-6 सिविल अस्पताल लेकर गए। जहां से पीडि़ता को चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया। इस बीच आरोपी पिता फरार हो गया था। लड़की की मां का पहले ही देहांत हो चुका है। लड़की की शिकायत पर थाना मनसा देवी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था। अब पुलिस ने आरोपी पिता को काबू कर कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।