संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। हरियाणा सरकार में रिजस्ट्रार कोऑपरेटिव सोसाइटीज में कार्यरत आईएएस अधिकारी की फर्जी व्हाट्एप आईडी बनाकर ठगी करने की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इसकी शिकायत वीरवार को ई-मेल से सेक्टर-20 थाना साइबर क्राइम को दी। पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक आईएएस अधिकारी राजेश जोगपाल को उनके जूनियर सहकर्मियों से पता चला कि किसी ने उनके नाम और प्रोफाइल पिक्चर का गलत उपयोग कर फर्जी अकाउंट बनाया है। ठग इससे फंड ट्रांसफर करने के लिए उनके संपर्क के लोगों से संवाद कर रहे हैं। थाना साइबर अपराध सेक्टर-20 में अधिकारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों की तलाश में जुट गई है।