पंचकूला। कंप्यूटर इंस्टीट्यूट की एडमिशन काउंसलर द्वारा इंस्टीट्यूट के साथ 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। धोखाधड़ी का खुलासा उस समय हुआ जब अकाउंट के रिकॉर्ड की जांच की गई। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई। सेक्टर-14 पुलिस मामला दर्ज कर आगामी जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, अनुपम जैन ने दी शिकायत में बताया कि वे सेक्टर-16 में 2001 से कंप्यूटर इंस्टीट्यूट चला रहीं हैं। उन्होंने अकाउंट स्टेटमेंट की जांच की तो पाया कि एडमिशन काउंसलर दीपिका निवासी बलटाना ने धोखाधड़ी की है। शिकायतकर्ता ने आरोपी से धोखाधड़ी के बारे में पूछा तो उसने लिखित में स्वीकार किया कि उसने सेंटर और छात्रों के सभी पैसे ले लिए हैं।
धोखाधड़ी के पैसे अपने माता-पिता को भी दिए हैं। आरोपी ने रसीद की नकली बुक छपवा रखी थी। मौके पर उसके बैग से पकड़ी गई। शिकायतकर्ता के अनुसार बीस लाख रुपये की धोखाधड़ी आरोपी द्वारा की गई है।