पंचकूला। नेशनल हेल्थ मिशन के डायरेक्टर की शिकायत पर सेक्टर-5 पुलिस ने कैथल और राजस्थान के दो इंस्टीट्यूट हेड और अभ्यर्थियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। फर्जी एमएलएचपी (मिड लेवल हेल्थ प्रोवाइडर्स) सर्टिफिकेट के आधार पर नौकरी पाने के मामले में पुलिस ने दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। पहला मामला राजस्थान के हनुमानगढ़ इंस्टीट्यूट की प्रिंसिपल और अभ्यर्थी नीरू के खिलाफ दर्ज किया है। दूसरा मामला कैथल के यूनिवर्सल ग्रुप ऑफ एजुकेशन के मालिक, सेक्रेटरी, एग्जाम कंट्रोलर और अभ्यर्थी सुमित्रा के खिलाफ दर्ज किया गया है। दोनों मामलों में अभ्यर्थियों ने कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर के पद के लिए आवेदन किया था। जांच के दौरान यह फर्जीवाड़ा पकड़ा गया।
पहला मामला
पंजाब के फाजिल्का जिले के अबोहर तहसील निवासी नीरू ने राजस्थान के हनुमानगढ़ स्थित संस्कार इंटरनेशनल बीएससी नर्सिंग कॉलेज से नर्सिंग का कोर्स किया था। नीरू ने कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर पद के लिए आवेदन दिया था। 1 जून 2022 को वह कागजातों की वेरिफिकेशन के लिए एनएचएम ऑफिस पहुंची। वहां जांच के दौरान उसके द्वारा जमा करवाया गया एमएलएचपी सर्टिफिकेट फर्जी पाया गया। एनएचएम के डायरेक्टर की शिकायत पर संस्कार इंटरनेशनल बीएससी नर्सिंग कॉलेज के प्रिंसिपल और नीरू के खिलाफ सेक्टर - 5 थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दूसरा मामला
कैथल निवासी सुमित्रा देवी ने कैथल स्थित यूनिवर्सल ग्रुप ऑफ एजुकेशन से बीएससी नर्सिंग का कोर्स करने के बाद कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर के लिए आवेदन दिया था। 25 मई 2022 को सुमित्रा ने कागजातों की वेरिफिकेशन के लिए नेशनल हेल्थ मिशन के पंचकूला ऑफिस में एमएलएचपी सर्टिफिकेट सहित सभी कागजात जमा करवाए।
कागजातों की जांच के दौरान एमएलएचपी सर्टिफिकेट फर्जी पाया गया। नेशनल हेल्थ मिशन के मुताबिक दिल्ली की एमआरडी इंटरनेशनल फाउंडेशन और कैथल की यूनिवर्सल ग्रुप ऑफ एजुकेशन की तरफ से ज्वाइंटरी एमएलएचपी सर्टिफिकेट जारी किया गया। ऐसे में एनएचएम के डायरेक्टर की शिकायत पर अभ्यर्थी सुमित्रा, दिल्ली स्थित एमआरडी इंटरनेशनल फाउंडेशन के सेक्रेटरी, परीक्षा नियंत्रक और कैथल के यूनिवर्सल ग्रुप ऑफ एजुकेशन के मालिक के खिलाफ पुलिस ने सेक्टर 5 थाना में मामला दर्ज किया है।
लालच में इंस्टीट्यूट जारी कर रहा फर्जी सर्टिफिकेट
एनएचएम के अनुसार, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर के पद की भर्ती के लिए बीएससी नर्सिंग के अलावा छह माह का एमएलएचपी सर्टिफिकेट कोर्स करने पर पांच नंबर अतिरिक्त दिए जाते हैं। ऐसे में पांच नंबर पाने के लिए राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड सहित अन्य राज्यों के कुछ नर्सिंग कॉलेजों द्वारा अपने ही अभ्यर्थियों को फर्जी सर्टिफिकेट जारी किया जा रहा है। जांच के दौरान फर्जीवाड़ा पकड़े जाने पर एनएचएम अभ्यर्थी और संबंधित इंस्टीट्यूट के खिलाफ मामला दर्ज करवा रहा है।
787 कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर के पद पर की जा रही भर्ती
नेशनल हेल्थ मिशन पंचकूला समेत सभी जिलों के हेल्थ सेंटर के लिए 787 कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर की भर्ती कर रहा है। इसके लिए एनएचएम की तरफ से कागजातों की वेरिफिकेशन की गई थी। वेरिफिकेशन के दौरान ही फर्जी सर्टिफिकेट का मामला सामने आया। इस पद के लिए बीएससी नर्सिंग इंटीग्रेटेड कोर्स या बीएएमएस कोर्स करने वाले अभ्यर्थी आवेदन दे सकते हैं। इंडिग्रेटेड कोर्स में ही छह माह के एमएलएचपी कोर्स का प्रावधान रखा गया है।
नेशनल हेल्थ मिशन के डायरेक्टर की शिकायत पर दो मामले दर्ज किए गए हैं। मामलों की जांच की जा रही है। - सुखबीर सिंह, एसएचओ, सेक्टर -5 थाना, पंचकूला