पंचकूला। बरवाला में नकली हार्पिक बनाने का मामला सामने आया है। चंडीमंदिर थाना पुलिस ने इसकी शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक ब्रांड प्रोटेक्शन सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के फील्ड ऑफिसर अभिषेक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी कंपनी कुछ ब्रांडों के बन रहे नकली प्रोडक्ट पर मार्केट में नजर रखते हैं। बरवाला में नकली हार्पिक बनाने और उसे सस्ते दामों पर बेचे जाने की उन्हें जानकारी मिली थी। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस में दी थी। नकली हार्पिक बनाने वालों के पास न तो कोई लाइसेंस मिला और न ही कोई जीएसटी नंबर था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की है।
नामी कंपनी की नकली शर्ट बनाने का खुलासा
सेक्टर-20 थाने में दी गई शिकायत में संजीव कुमार निवासी गुडगांव ने बताया कि वे एक ब्रांड प्रमोटर कंपनी के लिए बतौर इंक्वायरी ऑफिसर काम करते हैं। उनकी कंपनी आदित्य बिरला फैशन रिटेल लिमिडेट के लिए काम करती है। उन्हें किसी से जानकारी मिली थी कि पंचकूला इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में रितेश गर्ग नाम का व्यक्ति एक एक कंपनी चला रहा है। इस कंपनी का जीएसटी का नंबर भी उन्हीं के नाम पर है। इस कंपनी की ओर से इंडिया मार्ट और गूगल पर आदित्य बिरला फैशन एंड रिटेल लिमिलेट की ब्रांडेड शर्ट के नाम पर वह नकली शर्ट बनाकर उन्हें ऑनलाइन बेचता है। इसके बाद शिकायतकर्ता ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस की मदद से उक्त प्लॉट में जाकर छापा मारा तो यहां पर नकली कपड़ों की भरमार मिली।
पहले भी हो चुका है ऐसा मामला
पिछले साल सितंबर, 2021 में सेक्टर-20 पंचकूला थाने में शिकायतकर्ता गुरप्रीत सिंह जिला रोपड़ ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि आरोपी मनीष कुमार ब्रांडेड कंपनी के नकली साबुन और सफाई करने वाले अन्य सामान की सप्लाई करता है। इस शिकायत पर पुलिस ने जांच की और इसमें सभी तथ्य सही पाए गए थे। पुलिस ने केस दर्ज करके मामले की जांच करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।