माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। हरियाणा सरकार और उच्च शिक्षा विभाग की वायदा खिलाफी के कारण एक्सटेंशन लेक्चरर्स वेलफेयर एसोसिएशन 31 जुलाई को पंचकूला में महारैली करेगी। इसमें दो हजार से अधिक एक्सटेंशन लेक्चरर्स भाग लेंगे। इस संबंध में सोमवार को हरियाणा की सभी जिलों से एसोसिएशन के राज्य कार्यकारिणी सदस्यों ने धरना स्थल पर बैठक कर सरकार के खिलाफ रोष प्रकट किया। बैठक में सर्व सहमति से फैसला लिया गया कि 2000 एक्सटेंशन लेक्चरर्स की मुख्य मांग के लिए 31 जुलाई 2024 को आंदोलन किया जाएगा। इनकी मुख्य मांग नियमितीकरण और 58 वर्ष की आयु तक रोजगार सुरक्षा है। एसोसिएशन का कहना है कि लंबे समय से आश्वासन के बाद भी सरकार ने इनकी मांगों को पूरा नहीं किया है। एसोसिएशन के प्रधान ईश्वर सिंह ने बताया कि हरियाणा के राजकीय महाविद्यालयों में कई सालों से कार्यरत नेट/पीएचडी एक्सटेंशन लेक्चरर्स नियमितीकरण को लेकर आवाज बुलंद कर रहे हैं, इसलिए 31 जुलाई को पंचकूला में एक विशाल रैली कर प्रदर्शन करेंगे।
ईश्वर सिंह ने बताया कि 3 मार्च 2022 को 2000 एक्सटेंशन लेक्चरर्स ने अपनी मुख्य मांग नियमितीकरण के लिए पंचकूला में आमरण अनशन किया था। हरियाणा सरकार के निर्देश पर हायर एजुकेशन डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने यह कहकर आमरण अनशन खुलवाया था कि उनकी मांग को जल्द पूरा करवा दिया जाएगा। तीन साल बीतने के बाद भी सरकार और डिपार्टमेंट ने कुछ नही किया है। इससे दो हजार एक्सटेंशन लेक्चरर्स और उनके परिवार का भविष्य अंधकार में चला गया है।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि एक तरफ सरकार कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने और 58 साल तक रोजगार सुरक्षा का आश्वासन दे रही है। दूसरी तरफ 2450 पोस्ट निकालकर 2000 एक्सटेंशन लेक्चरर्स को बेरोजगार करने जा रही है। एसोसिएशन महिला राज्य कार्यकारिणी सदस्य डॉ. राधा राठी और सीता डागर ने बताया कि 2000 एक्सटेंशन लेक्चरर्स में 1000 नेट/पीएचडी महिला एक्सटेंशन लेक्चरर्स कार्यरत हैं जो कई सालों से नियमित होने के लिए सरकार से संघर्ष कर रही है।
एसोसिएशन प्रधान ने बताया कि 2014 में भी पिछली सरकार ने कॉलेजो में कार्यरत 400 गेस्ट लेक्चरर्स को पक्का कर दिया था। 2003, 2006 में भी इस तरह की नियमितीकरण की पालिसी बनाई जा चुकी है। इसके अलावा हरियाणा सरकार स्कूल लेवल पर गेस्ट टीचर्स को 58 साल का रोजगार सुरक्षा एक्ट बनाकर सुरक्षित कर चुकी है। एसोसिएशन की संयुक्त सचिव सरोज दहिया ओर सचिव डा. रेखा तंवर ने कहा कि जब तक हरियाणा सरकार 2000 नेट/पीएचडी एक्सटेंशन लेक्चरर्स के रोजगार को 58 साल तो सुरक्षित नही करेगी तब तक एक्सटेंशन लेक्चरर्स का महाआक्रोश आंदोलन पंचकूला में चलता रहेगा।