संवाद न्यूज एजेंसीपंचकूला। फाइनेंसर अनिल भल्ला और उसके बेटे आकाश भल्ला द्वारा रिटायर्ड पुलिस कर्मचारी के साथ धोखाधड़ी करने और ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पीड़ित को ब्याज पर पैसे दिए थे। उसके एवज में सिक्योरिटी के तौर चेक लिए थे। पैसे लेने के बाद भी आरोपियों ने पीड़ित के चेक किसी दूसरे व्यक्ति को देकर बाउंस करवा दिए। जैसे ही पीड़ित को इसकी जानकारी लगी तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। सेक्टर-5 पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पिंजौर निवासी कंवर पाल ने शिकायत में बताया कि वे 2018 में पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने 2019 में अनिल गल्ला और आकाश भल्ला से दो लाख रुपये 4 प्रतिशत ब्याज पर उधार लिए थे। पैसे देते समय आरोपियों ने शिकायतकर्ता से एक खाली चेक बतौर सिक्योरिटी लिया था। शिकायतकर्ता ने ब्याज सहित दो लाख रुपये वापस कर दिए।
इसके बाद शिकायतकर्ता ने अपना चेक वापस मांगा तो आरोपियों ने कहा कि चेक कहीं फाइल में रखा है। मिल नहीं रहा है। जैसे ही मिलेगा, आपको वापस कर देंगे। आरोपियों ने शिकायतकर्ता को विश्वास दिलाया कि चेक का कोई दुरुपयोग नहीं होगा। अब शिकायतकर्ता के पास अदालत से समन आया है। किसी नरिंद्र कुमार ने उनके खिलाफ उसी सिक्योरिटी चेक में 15 लाख रुपये की राशि 11 सितंबर 2021 को भरकर बाउंस होने के बाद शिकायत दी है। वे नरिंद्र नामक व्यक्ति को जानते भी नहीं हैं। आरोपियों ने आपसी मिलीभगत कर उनकी साथ धोखाधड़ी की है। जब इस बारे में शिकायतकर्ता ने आरोपियों से बात की तो उन्हें जान से मारने की धमकियां देने लगे। इसके बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।