रायपुररानी। गांव समलेहड़ी में एक महिला के घर में घुसकर सोने की बालियां चुराने की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़िता अनवरी पत्नी बाबू खान ने रायपुररानी थाना में शिकायत दी कि रविवार को देर रात करीब 1:30 बजे जब वह घर में सो रही थी, तभी गांव का कुलदीप पुत्र रघुबीर सिंह चोरी की नीयत से घर में दाखिल हुआ। महिला के अनुसार, आरोपी ने कान की सोने की बालियां उतारने का प्रयास किया। इस दौरान महिला का बेटा अब्दुल रहमान जाग गया और उसने आरोपी को रोकने की कोशिश की। आरोपी उसे धक्का देकर मौके से फरार हो गया। इसके बाद शिकायतकर्ता ने घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, परंतु आरोपी घर पर नहीं मिला। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।