पंचकूला। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की टीम ने शुक्रवार को शहर के सेक्टर-9 और 10 की मार्केट से अतिक्रमण हटाया। दुकानों के बाहर रखे सामान को जब्त कर लिया और भविष्य में ऐसा नहीं करने की चेतावनी भी दी। साथ ही दुकानदारों को बताया कि अगर वे फिर से अतिक्रमण करते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस्टेट ऑफिसर गगनदीप सिंह ने बताया कि उन्हें सेक्टर-9 और 10 की मार्केट में अतिक्रमण की सूचना मिली थी।
इस पर उन्होंने एक टीम को वहां भेजा। सूचना सही मिलने पर उन्होंने टीम का गठन किया और अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए। सुपरवाइजर मान सिंह की देखरेख में टीम दोपहर 2 बजे सेक्टर-9 में पहुंची। टीम ने दुकानों के बाहर रखे सामान को जब्त कर लिया और अपने साथ लाई लोडिंग वाहनों में ले गए। इसके बाद टीम सेक्टर-10 में पहुंची। वहां भी दुकानों के बाहर सामान रखा गया था। एचएसवीपी की टीम को देखते ही दुकानदारों ने फटाफट अपने सामान को अंदर रखना शुरू कर दिया। इसके बावजूद टीम ने कुछ दुकानदारों का सामान जब्त किया है।