बरवाला। अलीपुर इंडस्ट्रियल एरिया में ट्रांसफार्मर पर फ्यूज लगाते समय बिजली कर्मचारी को करंट लग गया। उसकी हालत गंभीर होने से उसको पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती करवाया गया है। जानकारी के अनुसार उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम बरवाला में ठेका कर्मचारी ममतेश और मनदीप रविवार को अलीपुर इंडस्ट्रियल एरिया में प्लॉट नंबर 191 के नजदीक ड्यूटी के समय ट्रांसफार्मर पर फ्यूज लगाने गए थे। यहीं से बिजली की दो लाइनें गुजर रही थी और जिस लाइन पर उन्होंने काम करना था उसके बजाय उनसे गलती से जेईई रामधर से फोन करके दूसरी लाइन को बंद करने का परमिट लिया गया। इस पर जेई रामधन ने पावर हाउस से परमिट लेकर उस लाइन को बंद करवा दिया। लेकिन जैसे ही ममतेश गलती से काम करने वाली लाइन पर लगा और ट्रांसफार्मर पर फ्यूज लगाने के लिए चढ़ा तो उसको करंट का झटका लगा और वह बुरी तरह झुलस गया। यह देख उसके साथी मनदीप ने जेई रामधर को फोन करके हादसे की सूचना दी और सप्लाई बंद करवाई। इसके बाद जेई रामधर ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल ममतेश को पीजीआई चंडीगढ़ पहुंचाया। यहां पर ममतेश का उपचार चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि झुलसा बिजली कर्मचारी ममतेश गांव जलौली का रहने वाला है।