पंचकूला। पंचकूला-कालका हाईवे पर रविवार सुबह एक टैक्सी कार ने स्कूटी सवार 70 वर्षीय बुजुर्ग को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बुजुर्ग कार के बोनट पर गिर पड़े और सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। सूचना पर डायल 112 व एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। टैक्सी को चालक सहित पिंजौर थाना भेज दिया गया है। अब आगे की कार्रवाई पिंजौर पुलिस थाना द्वारा की जाएगी।