संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-7 निवासी 74 वर्षीय बुजुर्ग को ऑनलाइन ट्रेडिंग में पैसे निवेश करने का झांसा देकर 6.08 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। बुजुर्ग की शिकायत पर सेक्टर-12 साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
बुजुर्ग ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे स्टेट बैंक ऑफ इंडिया चंडीगढ़ से रिटायर्ड हैं। उन्होंने 5 अप्रैल को फेसबुक पर ट्रेडिंग कंपनी का विज्ञापन देखा था। जिसमे पैसे लगाकर अधिक पैसा कमाने के बारे में पोस्ट किया हुआ था। शिकायतकर्ता ने दिए गए लिंक पर अपना रजिस्ट्रेशन करके मेंबरशिप ले ली। उसके बाद उन्होंने एप के माध्यम से पैसे निवेश करने शुरू कर दिए। शुरुआत में उन्होंने 10 हजार रुपये लगाकर ट्रेडिंग की तो आरोपियों ने उन्हें एप पर काफी प्रॉफिट दिखाया।
इसके बाद उन्होंने और पैसे लगाए। उन्होंने कुल 6 लाख 8500 रुपये लगा दिए। इस पर उन्हें एप पर 8,81,90,000 रुपये के करीब प्रॉफिट दिखा रहा था। जब उन्होंने अपने पैसे वापस अपने अकाउंट में लेने की कोशिश तो उन्हें मैसेज आया कि कुल रकम का 30 प्रतिशत और जमा करवाना होगा। इसके बाद उन्हें अपने साथ धोखाधड़ी का अहसास हुआ। तब उन्होंने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई।