माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। पुलिस ने 12 अक्टूबर को अमरटैक्स चौक पर ई-रिक्शा चालक पुष्पेंद्र की हत्या के मामले में तीन नाबालिगों समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त हिमाद्रि कौशिक और थाना सेक्टर-20 प्रभारी बच्चू सिंह की अगुवाई में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अजय, उमेश यादव, विशाल यादव, किशन और छोटू शामिल हैं। सभी आरोपियों की पहचान मौली जांगरा चंडीगढ़ निवासी के तौर पर हुई है।
शिकायतकर्ता चमन प्रकाश ने बताया कि वह और उनका रिश्तेदार पुष्पेंद्र पंचकूला में ई-रिक्शा चलाता था। वे 12 अक्टूबर को दशहरा उत्सव में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में ट्रक ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगाया। इससे उनका ई-रिक्शा ट्रक से टकरा गया। जब चमन ने इस घटना की जानकारी पुष्पेंद्र को दी, तो कुछ दूरी पर बाइक सवार युवकों ने पुष्पेंद्र को ट्रक चालक समझकर उस पर नुकीले हथियारों और पत्थरों से हमला कर फरार हो गए। घायल पुष्पेंद्र को नागरिक अस्पताल सेक्टर-6 पंचकूला में भर्ती कराया गया।
वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। इस संबंध में थाना सेक्टर- 20 में शिकायत दर्ज कराकर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। सेक्टर-20 थाना प्रभारी बच्चू सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।