पंचकूला। सेक्टर-5 स्थित लूना लाउंज बार में सीएम फ्लाइंग की टीम ने शनिवार देर रात छापा मारा। सीएम फ्लाइंग की टीम को मौके से आठ हुक्के, निकोटिन फ्लेवर और बिना परमिट की शराब मिली। इसके बाद टीम ने ड्रग इंस्पेक्टर, एक्साइज और सेक्टर-5 पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने हुक्के, फ्लेवर और शराब को कब्जे में लेकर मालिक नितिश बंसल सेक्टर-22 चंडीगढ़ निवासी और मैनेजर आशुतोष राणा मनीमाजरा निवासी के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। सेक्टर-5 थाना एसएचओ रूपेश चौधरी ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। लाउंज बार के अन्य पार्टनरों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। हुक्के पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध है। सरेआम सेक्टर-5 थाने से कुछ दूरी पर लूना लाउंज बार में हुक्का परोसा जा रहा था। सीएम फ्लाइंग के इंचार्ज राजेश कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि लूना लाउंज बार में प्रतिबंध के बावजूद हुक्का परोसा जा रहा है। इसके बाद सीएम फ्लाइंग की टीम ने शनिवार देर रात लाउंज बार में छापा मारा और हुक्के बरामद किए। टीम ने टेबल पर रखे हुक्कों की वीडियो बनाई। इसके बाद जांच के लिए एक्साइज विभाग और ड्रग इंस्पेक्टर को सूचना दी गई। मौके से बिना परमिट की भारी मात्रा में शराब भी बरामद हुई है।