पंचकूला। भारी बारिश की वजह से ठप सर्वर दूसरे दिन भी नहीं चलने से मरीजों और तीमारदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सॉफ्टवेयर और सर्वर ठीक करने के लिए अस्पताल प्रबंधन द्वारा लगाई टीम जुटी रही लेकिन शाम तक ऑनलाइन काम नहीं हुआ। सर्वर बंद होने के कारण लोगों को पर्ची बनवाने के लिए दो घंटे लाइन में लगना पड़ा। इस कारण एक तरफ जहां रिपोर्ट नहीं मिली, वहीं जांच के लिए ब्लड और यूरिन के सैंपल भी नहीं लिए गए। एक्स-रे करवाने वाले मरीजों का भी यही हाल रहा। यही हाल पूरी ओपीडी सहित इमरजेंसी का भी रहा। इस कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। इस कारण चार हजार मरीजों को ओपीडी में दिक्कत का सामना करना पड़ा। सेक्टर-6 सिविल अस्पताल के सर्वर रूम से बारिश का पानी निकालने और रूम को सुखाने में दिनभर कर्मचारी डटे रहे। इस कारण ई-उपचार पोर्टल भी किसी ओपीडी में नहीं चला। रविवार को हुई बारिश के कारण ग्राउंड फ्लोर के सर्वर रूम में पानी घुसने का असर सोमवार को भी देखने को मिला। एमडी मेडिसिन, यूरोलॉजी, स्किन, पीडियाट्रिक वार्ड, गायनी वार्ड सहित सभी जगह ऑनलाइन ओपीडी की पर्ची नहीं बनी। मैनुअल पर्ची बनने के कारण लोग लंबी लाइन में लगे रहे।
तीन घंटे लाइन में लगने के बाद मिला इलाज
मेरे पैर में फ्रैक्चर हो गया है। पहले पर्ची बनवाने के लिए दो घंटे लाइन में लगा। इसके बाद एक्स-रे एक घंटे बाद हो पाया। अस्पताल का सॉफ्टवेयर बंद होने के कारण मोबाइल पर फोटो खींचकर एक्स-रे लाया। इसके बाद डॉक्टरों की ओर से इलाज किया गया। इस कारण परेशानी हुई। - अमित कुमार, मरीज
टेस्ट नहीं होने से दोबारा अस्पताल आना पड़ेगा
मुझे जुकाम, बुखार सहित पूरे शरीर में दर्द दो दिन से है। सिविल अस्पताल में इलाज कराने आया। इस दौरान अस्पताल में टेस्ट नहीं हो पाया। डॉक्टरों ने दवाएं लिख दी। टेस्ट नहीं होने के कारण अब मुझे दोबारा अगले दिन इलाज के लिए आना पड़ेगा। इस कारण परेशानी हुई है। - गणेश कुमार, मरीज
अस्पताल प्रबंधन की ओर से सॉफ्टवेयर और सर्वर ठीक करने के लिए टीम लगाई गई है। सर्वर ठीक कर दिया गया है। मंगलवार से सर्वर चला दिया जाएगा। पानी भरने के कारण सर्वर को बनाने में समय अधिक लगा। इस कारण सोमवार को सर्वर ओपीडी के समय नहीं चल पाया है। - डॉ. उमेश मोदी, पीएमओ, सिविल अस्पताल सेक्टर -6