माई सिटी रिपोर्टर पंचकूला। नगर निगम के महापौर और नगर निगम कमिश्नर ने एजुकेशन एवं रिक्रिएशन सिटी के लिए वीरवार को चंडीमंदिर का दौरा किया। महापौर ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि इसके लिए सभी विभागों की तरफ से मिलने वाली एनओसी एक सप्ताह के अंदर मिले, जिससे कि यह प्रोजेक्ट लेट न हो और इसे समय पर पूरा किया जा सके। नगर निगम कमिश्नर सचिन गुप्ता ने इस प्रोजेक्ट का पहली बार दौरा कर स्टेटस जाना। उन्होंने कहा कि एजुकेशन सिटी का ड्राइंग भी जल्द तैयार किया जाए, जिसे प्लानिंग कर जल्द तैयार किया जा सके।
पंचकूला के महापौर कुलभूषण गोयल ने बताया कि मुख्यमंत्री एजुकेशन और रिक्रिएशन सिटी के लिए 100 करोड़ रुपये की घोषणा की गई है। इसमें सीवरेज, सड़कें, इंफ्रास्ट्रक्चर को विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचकूला में इस प्रोजेक्ट के बन जाने पर पंचकूला को अलग पहचान मिलेगी और जो बच्चे पढ़ने के लिए पंचकूला से बाहर जाते थे, उन बच्चों को अपने ही शहर में हायर एजुकेशन कोर्स करने को मिलेगा। इस दौरान संयुक्त आयुक्त डॉक्टर रिचा राठी, एक्सईएन सुमित मलिक, एक्सईएन अजय, एटीपी एमपी शर्मा, एसडीओ राजेश चंदेल, नायब तहसीलदार अनिराज शर्मा, बिल्डिंग इंस्पेक्टर संजीव, फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर अनिल श्योराण व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
पंचकूला के नालों का होगा सौंदर्यीकरण
उन्होंने एजुकेशन सिटी के साथ पंचकूला के नाले का सौंदर्यीकरण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अगर समय पर इसका नक्शा बनेगा तो इसका काम पूरा होगा। इसके लिए अधिकारी और नगर निगम, प्रशासन के संबंधित विभाग पूरी तैयारी कर काम को जल्द पूरा करें।