पंचकूला। एंटी नारकोटिक्स सेल ने चरस तस्कर को गिरफ्तार कर उससे एक किलो 106 ग्राम चरस बरामद की है। आरोपी 48 साल का इफ्तेकार अहमद चंडीगढ़ का रहने वाला है। आरोपी को शनिवार को कोर्ट में पेश कर छह दिन के रिमांड पर लिया गया है। डीसीपी अमित दहिया ने बताया कि 6 जून को सूचना मिली थी कि चंडीगढ़ निवासी एक युवक ट्राइसिटी में चरस बेचता है और वह सूरज सिनेमा सेक्टर-1 के पास किसी ग्राहक को चरस बेचने आएगा। इस पर एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज की अगुवाई में एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज प्रवीण कुमार ने टीम के साथ पहुंचकर युवक को मौके से काबू कर लिया। तलाशी में उसके पास से 1 किलो 106 ग्राम चरस बरामद हुई। जांच में सामने आया कि आरोपी हिमाचल प्रदेश के कुल्लू से चरस खरीदकर पंचकूला में बेचता था। इसके खिलाफ थाना सेक्टर-7 में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।