पीएम नरेंद्र मोदी से 10 मार्च को मिलेंगी अंबिका, सिरमौर जिले के शेर तंदुला गांव में है उनका मायका
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। हिमाचल की धरती ने जिले को एक ऐसी बेटी दी है, जिसे बचपन से ही अपनी माटी से प्रेम था। पिता किसान थे, जिसके चलते पूरा बचपन खेतों में बीता। वहीं से खेती की प्रेरणा मिली। हरियाणा के पंचकूला जिले के मोरनी के बड़ी शेर क्षेत्र में शादी के बाद पति के साथ खेती का मौका मिला, बेटी अंबिका राणा के सपनों को नए पंख मिल गए। पति के साथ 33 बीघा में खेती करने वाली अंबिका को हरियाणा सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नमो ड्रोन दीदी योजना के लिए चुना।
ग्रामीण परिवेश से संबंधित अंबिका राणा ने गुरुग्राम के मानेसर किसान ड्रोन केंद्र से ड्रोन के उपयोग में जनवरी 2024 में 15 दिनों तक प्रशिक्षण के बाद महारत हासिल की और अब ड्रोन पायलट बन गई हैं। इन्हें ड्रोन दीदी के नाम से जाना जाता है। कृषि की आधुनिक तकनीक से वह 150 महिलाओं को अपने साथ जोड़ेंगी। अंबिका ने बताया कि इस ड्रोन का इस्तेमाल खेतों में कीटनाशक व खाद के छिड़काव के लिए किया जाएगा। इस योजना से खेती-किसानी में ड्रोन की उपयोगिता बढ़ेगी। खास बात यह है कि 10 मार्च को अंबिका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलेंगी।
पंचकूला के ग्रामीण परिदृश्य को बदलेंगी अंबिका
अंबिका राणा ने 15 दिनों तक प्रशिक्षण के बाद महज डेढ़ माह में करीब 150 से ज्यादा महिलाओं को कृषि की आधुनिक तकनीक ड्रोन के जरिए खेती के लिए प्रेरित किया है। पिंजौर, मोरनी, कालका सहित आसपास की महिलाएं भी ड्रोन तकनीक को अपनाने के लिए तैयार हैं। बाकायदा व्हाट्सएप ग्रुप बनाया है। अंबिका ने ड्रोन पायलट बनकर नारी सशक्तीकरण को नई राह दिखा रही है। खेती के साथ अंबिका पशुपालन भी करती हैं।
कुछ नया करने की चाह ने दिखाई राह, मिलने लगे ऑर्डर
अंबिका राणा का मायका सिरमौर जिले के शेर तंदुला गांव में है। स्नातक पास अंबिका ने कंप्यूटर में एक साल का डिप्लोमा भी किया है। उन्होंने बताया कि पति कुलवंत किशोर के साथ शादी के बाद 10 साल से खेती (कक्का, गेहूं, लहसुन, मटर, टमाटर, धान) कर रही हूं। कुछ नया सीखने की ललक थी, तो परिवार की सहमति मिलने के बाद पंद्रह दिन की ट्रेनिंग पर चली गई। उन्होंने कहाए ‘मुझे लेकर प्रदेश की 16 महिलाओं को ट्रेनिंग दी गई है। अभी ड्रोन मिला नहीं है, लेकिन खेतों में छिड़काव के ऑर्डर मिलने भी शुरू हो गए हैं। लोग कॉल कर बार बार पूछते हैं कि कबतक आपका ड्रोन आएगा। शुक्रवार को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने जाना है।’